मुंबई : कम बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार चौंकाने वाला प्रदर्शन कर रही है। नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म ने पांचवें सप्ताह में प्रवेश करते ही 105 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। फिल्म ने कलेक्शन के मामले में सलमान खान की ‘सिकंदर’ और अजय देवगन की ‘सिंघम’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने रविवार दोपहर तक 105.56 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन कर लिया था। पांचवें सप्ताह के शुक्रवार को फिल्म ने करीब 10 करोड़ रुपये और शनिवार को 16.50 करोड़ रुपये की कमाई की। रविवार दोपहर तक फिल्म के खाते में छह करोड़ रुपये से अधिक जुड़ चुके थे।
‘सिकंदर’ और ‘सिंघम’ को छोड़ा पीछे
‘हनुमान अंश’ ने कलेक्शन के मामले में अजय देवगन की ‘सिंघम’ के करीब 100 करोड़ रुपये और सलमान खान की ‘सिकंदर’ के करीब 103 करोड़ रुपये के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा: द राइज’ के हिंदी वर्जन के करीब 105 करोड़ रुपये के कलेक्शन को भी पार कर लिया है।
पहले दो हफ्तों में नहीं चला जादू
खास बात यह है कि फिल्म की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर बेहद धीमी रही थी। पहले सप्ताह में फिल्म ने करीब एक करोड़ रुपये से कुछ अधिक और दूसरे सप्ताह में लगभग 40 लाख रुपये का कारोबार किया। कई शहरों में फिल्म के शो भी कम कर दिए गए थे। इसके बाद तीसरे और चौथे सप्ताह में फिल्म की कमाई में अचानक जबरदस्त उछाल आया। चौथे सप्ताह में फिल्म ने करीब 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
बिना बड़े प्रमोशन के बनी बड़ी हिट
फिल्म का बजट बेहद कम था और मेकर्स के पास बड़े स्तर पर प्रचार के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के प्रचार के लिए पोस्टर और होर्डिंग तक सीमित रहे। मेकर्स ने आठ बड़े मंगलवारों पर मंदिरों के बाहर भंडारे आयोजित कर फिल्म का प्रचार किया। इसके बावजूद फिल्म को दर्शकों से मजबूत प्रतिक्रिया मिली और बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया।
फिल्म के संगीत को भी सोशल मीडिया पर दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। म्यूजिक कंपोजर साधू तिवारी ने फिल्म की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें भी उम्मीद नहीं थी कि फिल्म इस स्तर तक पहुंचेगी।








