ऑनलाइन लूडो खेलते-खेलते हुआ विवाद, दोस्त ने दोस्त को मारी गोली

0

पटना : बिहार की राजधानी पटना में ऑनलाइन लूडो खेलने के दौरान दोस्तों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक किशोर ने अपने ही दोस्त को गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गोली चलाने वाला किशोर मौके से फरार हो गया।

यह घटना शनिवार देर रात दानापुर थाना क्षेत्र के मैनपुरा इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, मैनपुरा निवासी विजय राय का पुत्र दुर्गेश कुमार अपने दोस्त के साथ ऑनलाइन लूडो खेल रहा था। खेल के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी किशोर ने कथित तौर पर दुर्गेश को गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद परिजन घायल दुर्गेश को तत्काल पटना के पीएमसीएच लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी किशोर की तलाश की जा रही है।

दोनों के नाबालिग होने की बात

दानापुर थाने के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में दोनों दोस्तों के नाबालिग होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

ऑनलाइन खेल को लेकर दोस्तों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद इस तरह हिंसक रूप ले लेगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। घटना ने इलाके के लोगों को भी हैरान कर दिया है।