भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को न्यूजीलैंड की संसद की मंजूरी

0

डेस्क : न्यूजीलैंड की संसद ने बुधवार को भारत के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने संबंधी विधेयक को मंजूरी दे दी। विधेयक के पक्ष में 93 और विरोध में 29 वोट पड़े। विपक्षी लेबर पार्टी ने भी विधेयक का समर्थन किया।

समझौते के तहत न्यूजीलैंड के भारत को होने वाले करीब 95 प्रतिशत निर्यात पर शुल्क या तो समाप्त कर दिया जाएगा या उसमें उल्लेखनीय कमी की जाएगी। समझौते के दायरे में आने वाले आधे से अधिक उत्पादों पर इसके लागू होते ही कोई शुल्क नहीं लगेगा।

न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले ने कहा कि निर्यातकों को इस समझौते से तत्काल और महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों की मंजूरी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह समझौता इसी वर्ष लागू हो जाएगा।

समझौते के तहत भारत से न्यूजीलैंड पहुंचने वाले सभी सामान को शुल्क-मुक्त पहुंच मिलेगी। वहीं, न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब न्यूजीलैंड डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।

भारत और न्यूजीलैंड ने इस व्यापार समझौते पर अप्रैल में हस्ताक्षर किए थे। जून 2026 तक के एक वर्ष में दोनों देशों के बीच कुल द्विपक्षीय व्यापार 3.99 अरब न्यूजीलैंड डॉलर रहा। इस दौरान भारत न्यूजीलैंड के वस्तुओं और सेवाओं के निर्यात के लिए नौवां सबसे बड़ा बाजार रहा।

समझौता दोनों देशों द्वारा अपनी-अपनी घरेलू अनुमोदन और पुष्टि की प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद प्रभावी होगा।