यूजीसी बिल के विरोध में सुलगा वेस्ट यूपी: फिरोजाबाद और आगरा में भारी हंगामा

0

डेस्क : प्रस्तावित यूजीसी बिल (UGC Bill) के विरोध में रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में प्रदर्शन उग्र हो गया। आगरा और फिरोजाबाद जिलों में भारी भीड़ सड़कों पर उतर आई, जिसके चलते पुलिस के साथ तीखी झड़पें हुईं और मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई।

फिरोजाबाद में ‘अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा’ के आह्वान पर प्रदर्शनकारी गांधी पार्क में एकत्र हुए। महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरने के बाद जब भीड़ नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय की ओर बढ़ी, तो विवेकानंद चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। बैरिकेडिंग हटाने को लेकर हुई धक्कामुक्की में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनमें से दो का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। आंदोलनकारियों ने पुलिस पर ज्ञापन छीनने का आरोप लगाया है।

हंगामे को देखते हुए चार थानों की पुलिस बल के साथ एसपी सिटी ने मोर्चा संभाला। वहीं, आगरा में ‘यूजीसी मुक्ति मोर्चा’ के अध्यक्ष सेवानिवृत्त सीओ धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में जलेसर रोड स्थित मुड़ी चौराहे से कलक्ट्रेट तक ट्रैक्टर मार्च का आयोजन किया गया। पुलिस की भारी नाकेबंदी के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने ट्रैक्टरों को खेतों के रास्ते निकालकर आगे बढ़ने की कोशिश की।

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्‍त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।