डेस्क : मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय की एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इंदौर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भाजपा की महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर उनकी शारीरिक बनावट पर टिप्पणी की। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताई है।
घटना इंदौर के वार्ड नंबर छह में करीब सात करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान हुई। वायरल वीडियो में विजयवर्गीय पार्षद संध्या यादव को संबोधित करते हुए उनकी शारीरिक बनावट को लेकर टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने संध्या यादव के कामकाज और उनके स्वभाव का भी उल्लेख किया तथा कहा कि वह क्षेत्र में काफी काम करती हैं।
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने विजयवर्गीय की टिप्पणी पर आपत्ति जताई। कांग्रेस ने उनसे सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने के साथ ही मंत्री पद से इस्तीफा लेने की मांग की है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि महिला जनप्रतिनिधि को लेकर सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है।
वहीं, इस मामले में कैलाश विजयवर्गीय की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक सफाई सामने नहीं आई है। टिप्पणी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और सोशल मीडिया पर भी वीडियो को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।








