आतंकवाद के खिलाफ किसी भी कार्रवाई के लिए तैयार भारत : राजनाथ सिंह

0

डेस्क : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भारत शांति में विश्वास करता है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।

राजनाथ सिंह ने एनडीटीवी डिफेंस कॉन्क्लेव में कहा कि भारत की नीति किसी दूसरे देश की जमीन पर कब्जा करने की नहीं है। भारत पड़ोसी देशों के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है और संवाद का भी समर्थक है, लेकिन आतंकवाद को समर्थन देने या उसे भारत के खिलाफ इस्तेमाल करने की स्थिति में सुरक्षा हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती।

रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक आतंकवाद को उसकी नीति के तौर पर जारी रखा जाता है, तब तक भारत आतंकवाद के खिलाफ हर तरह की कार्रवाई के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भारत की सुरक्षा और संप्रभुता सर्वोच्च है तथा देश अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।

उन्होंने कहा कि भारत की सैन्य कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी रणनीति राष्ट्रीय हितों से निर्धारित होती है। भारत वैश्विक शांति और स्थिरता में विश्वास रखता है, लेकिन अपनी रणनीतिक स्वायत्तता से समझौता नहीं करेगा।

राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के खिलाफ व्यापक रणनीति की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से मुकाबला केवल आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसके वित्तपोषण, नेटवर्क और उसे समर्थन देने वाले पूरे तंत्र के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जाने जरूरी हैं।

रक्षा मंत्री ने भारत की वैश्विक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को केवल एक उभरती हुई शक्ति के रूप में नहीं, बल्कि अपनी सभ्यतागत विरासत और स्वतंत्र रणनीतिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने वाली शक्ति के रूप में देखा जाना चाहिए।