लंदन : ब्रिटेन में रॉयल एयर फोर्स (RAF) फेयरफोर्ड एयरबेस के पास कथित आतंकी गतिविधि की तैयारी के संदेह में कई लोगों की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। अमेरिकी दूतावास ने ब्रिटेन में रह रहे और यात्रा कर रहे अमेरिकी नागरिकों से सतर्क रहने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
अमेरिकी मिशन की ओर से जारी सुरक्षा सलाह में कहा गया कि RAF फेयरफोर्ड के निकट आतंकवादी कृत्य की तैयारी के संदेह में गिरफ्तारियां हुई हैं। एहतियात के तौर पर इलाके के कुछ निवासियों को भी उनके घरों से सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। दूतावास ने नागरिकों को अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
अमेरिकी दूतावास के मुताबिक ब्रिटेन के अधिकारी देश में आतंकवाद के खतरे का स्तर ‘गंभीर’ (Severe) मानते हैं। इसका अर्थ है कि आतंकवादी हमला होने की आशंका को गंभीरता से लिया जा रहा है। दूतावास ने विशेष रूप से चेताया कि अमेरिकी हितों, अमेरिकी प्रतिष्ठानों, आयोजनों और संगठनों को भी संभावित रूप से निशाना बनाया जा सकता है।
अमेरिकी नागरिकों को आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने, अपनी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने, परिवार और मित्रों को अपनी स्थिति से अवगत कराने तथा स्थानीय मीडिया से मिलने वाली सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा अमेरिकी विदेश विभाग के स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (STEP) में पंजीकरण कराने को भी कहा गया है, ताकि सुरक्षा और यात्रा संबंधी ताजा सूचनाएं मिलती रहें।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन और अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई की सराहना की थी। ट्रंप के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान इंग्लैंड में एक सैन्य एयरबेस के पास पांच लोगों को विस्फोटक संबंधी अपराधों के संदेह में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि संदिग्धों पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने भी RAF फेयरफोर्ड के आसपास हुई कार्रवाई को लेकर लोगों से शांत रहने की अपील की। उन्होंने ग्लॉस्टरशायर पुलिस, काउंटर टेररिज्म पुलिसिंग, सशस्त्र बलों और अन्य आपातकालीन सेवाओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उन स्थानीय निवासियों के प्रति भी आभार जताया, जिन्हें सुरक्षा जांच पूरी होने तक एहतियातन अपने घर खाली करने को कहा गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जांच अभी जारी है और जब तक अधिकारी पूरे तथ्यों की पुष्टि नहीं कर लेते, तब तक लोगों को अटकलों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
RAF फेयरफोर्ड ब्रिटेन का एक महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना है और अमेरिका के ग्लोबल स्ट्राइक कमांड के लिए अग्रिम संचालन स्थल के रूप में भी इसकी अहम भूमिका रही है। यहां अमेरिकी वायुसेना की 501वीं कॉम्बैट सपोर्ट विंग से जुड़ी गतिविधियां होती हैं। अतीत में यह एयरबेस अमेरिकी रणनीतिक अभियानों और भारी बमवर्षक विमानों की तैनाती के लिए भी इस्तेमाल होता रहा है।







