डेस्क : साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म ‘बंटी और बबली’ का गाना ‘कजरा रे’ आज भी दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय है। इस गाने में अभिषेक बच्चन, अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय एक साथ नजर आए थे। अब अभिषेक बच्चन ने इसके 2.0 वर्जन को लेकर अपनी इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन इसके लिए ऐश्वर्या राय और अपने पिता अमिताभ बच्चन को मनाना होगा।
बीबीसी एशियन नेटवर्क से बातचीत में अभिषेक ने ‘कजरा रे’ की शूटिंग के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि इस गाने की शूटिंग उनके लिए बेहद मजेदार अनुभव रही। उनके मुताबिक, सेट पर करीब चार घंटे तक गाना बजाया गया और माहौल किसी डांस पार्टी जैसा हो गया था।
अभिषेक ने बताया कि शूटिंग के दौरान उनका जन्मदिन भी था और टीम ने सेट पर इसे सेलिब्रेट किया था। निर्देशक शाद अली ने उस दौरान कलाकारों और टीम की मस्ती के कई पल कैमरे में कैद किए, जिनमें से कुछ दृश्यों को बाद में गाने में शामिल किया गया।
‘कजरा रे’ की यादें आज भी खास
अभिषेक ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उन्होंने किसी अन्य गाने की शूटिंग में ‘कजरा रे’ जितना आनंद लिया है। उन्होंने इस गाने को यादगार बताते हुए कहा कि इसकी शूटिंग से जुड़ी कई अच्छी यादें आज भी उनके साथ हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह ‘कजरा रे 2.0’ में अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय के साथ फिर नजर आना चाहेंगे, तो अभिषेक ने उत्साह के साथ कहा कि वह इसके लिए तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इसके लिए ऐश्वर्या और उनके पिता अमिताभ बच्चन को मनाना पड़ेगा।
‘कजरा रे’ को शंकर-एहसान-लॉय ने संगीतबद्ध किया था। इसके बोल गुलजार ने लिखे थे और गाने को अलीशा चिनॉय, शंकर महादेवन और जावेद अली ने आवाज दी थी। यह गाना ‘बंटी और बबली’ की पहचान बनने वाले लोकप्रिय गीतों में शामिल रहा है।








