भारत-पाक सीमा पर बीएसएफ की कार्रवाई, पाकिस्तानी घुसपैठिए मारे गए

0

डेस्क : पंजाब के तरनतारन सेक्टर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो पाकिस्तानी नागरिकों को मार गिराया। घटना शुक्रवार तड़के राजोके बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) क्षेत्र के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से कम से कम तीन लोग भारतीय सीमा की तरफ बढ़ रहे थे। सीमा पर तैनात BSF जवानों ने संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए उन्हें रुकने की चेतावनी दी। चेतावनी के बावजूद वे भारतीय क्षेत्र की ओर आगे बढ़ते रहे।

इसके बाद BSF जवानों ने फायरिंग की, जिसमें दो घुसपैठिए मारे गए। वहीं, तीसरा व्यक्ति वापस पाकिस्तान की सीमा की ओर भागने में सफल रहा।

बताया गया है कि घुसपैठ की यह कोशिश पाकिस्तान की ओर स्थित चट्टनवाले इलाके से की गई थी। BSF ने समय रहते संदिग्धों की गतिविधि का पता लगा लिया और कार्रवाई करते हुए घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया।

घटना के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में तलाशी अभियान चला रही हैं और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।