ईरान पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- फैसला ‘आसान या मुश्किल रास्ते’ से होगा

0

डेस्क : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि वॉशिंगटन जल्द ही ईरान के संबंध में बड़ा फैसला लेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला या तो “आसान रास्ते” से होगा या फिर “मुश्किल रास्ते” से। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की सैन्य और आर्थिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई है।

व्हाइट हाउस के बाहर शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “ईरान को लेकर मुझे एक फैसला करना है। ईरान को तबाह कर दिया गया है। अब सवाल सिर्फ इतना है कि यह आसान रास्ते से होगा या मुश्किल रास्ते से।”

ट्रंप ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि अमेरिका ईरान के खिलाफ आगे क्या कदम उठाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति सही दिशा में आगे बढ़ रही है और ईरान की हालत अच्छी नहीं है।

इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी ट्रंप ने ईरान को लेकर अपनी आगामी रणनीति पर कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार किया था। जब पत्रकारों ने उनसे उनकी अगली रणनीति के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा था कि यदि उन्होंने अपनी योजना बता दी तो यह बड़ी खबर बन जाएगी। ट्रंप ने कहा था कि स्थिति “बहुत अच्छी तरह आगे बढ़ रही है” और ईरान की स्थिति खराब है।

इससे पहले ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध “बहुत जल्द” समाप्त हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि संघर्ष खत्म होते ही तेल की कीमतों में तेज गिरावट आ सकती है।

टेक्सास में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा था कि ईरान के सामने यह तय करने का विकल्प है कि संघर्ष का अंत किस तरह हो। उन्होंने ईरान की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि देश में महंगाई बहुत अधिक है, उसके पास धन और मजबूत मुद्रा नहीं है तथा उसकी सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है।

ट्रंप ने कहा कि किसी भी स्थिति में यह संघर्ष बहुत जल्द समाप्त होगा और इसके बाद तेल की कीमतों में “चट्टान की तरह” गिरावट आएगी।

अमेरिकी राष्ट्रपति के ताजा बयान ऐसे समय आए हैं जब वॉशिंगटन की ओर से ईरान पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। ईरान को परमाणु क्षमता हासिल करने से रोकना अमेरिकी नीति का एक प्रमुख मुद्दा बना हुआ है। हालांकि, ट्रंप ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि अमेरिका आगे सैन्य कार्रवाई करेगा या किसी अन्य विकल्प के जरिए ईरान पर दबाव बढ़ाएगा।