डेस्क : नवंबर महीने की शुरुआत वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर के साथ हुई है। तेल विपणन कंपनियों ने रविवार, 1 नवंबर 2026 को पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें जारी कर दी हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने के बावजूद घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
तेल कंपनियों के इस फैसले से फिलहाल आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है। उल्लेखनीय है कि सरकारी तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में पिछली बढ़ोतरी मई महीने में की गई थी।
110 डॉलर के पार पहुंचा कच्चा तेल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का सिलसिला जारी है। मौजूदा समय में क्रूड ऑयल 110 डॉलर प्रति बैरल के पार कारोबार कर रहा है। युद्ध शुरू होने से पहले कच्चे तेल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थी। कीमतों में इस उछाल के कारण तेल विपणन कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। इसके बावजूद कंपनियों ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल के खुदरा दाम स्थिर रखे हैं।
दिल्ली, मुंबई और पटना में पेट्रोल के भाव
1 नवंबर 2026 को देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल की कीमतें इस प्रकार हैं:
- दिल्ली: 102.12 रुपये प्रति लीटर
- मुंबई: 111.21 रुपये प्रति लीटर
- कोलकाता: 113.51 रुपये प्रति लीटर
- चेन्नई: 107.76 रुपये प्रति लीटर
- बेंगलुरु: 111.68 रुपये प्रति लीटर
- हैदराबाद: 116.15 रुपये प्रति लीटर
- गुरुग्राम: 102.97 रुपये प्रति लीटर
- तिरुवनंतपुरम: 115.49 रुपये प्रति लीटर
- पटना: 113.37 रुपये प्रति लीटर
जयपुर से पटना तक डीजल की कीमतें
डीजल के दाम भी रविवार को स्थिर रहे। प्रमुख शहरों में एक लीटर डीजल की कीमत इस प्रकार है:
- दिल्ली: 95.20 रुपये प्रति लीटर
- मुंबई: 97.83 रुपये प्रति लीटर
- नोएडा: 95.44 रुपये प्रति लीटर
- पटना: 99.36 रुपये प्रति लीटर
- जयपुर: 98.25 रुपये प्रति लीटर
- कोलकाता: 99.82 रुपये प्रति लीटर
- हैदराबाद: 104.23 रुपये प्रति लीटर
- तिरुवनंतपुरम: 104.40 रुपये प्रति लीटर
नायरा और जियो-बीपी ने बढ़ाए थे पेट्रोल-डीजल के दाम
इस साल निजी क्षेत्र की तेल कंपनियों नायरा और जियो-बीपी ने दूसरी बार ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। इन कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की थी। वहीं, सरकारी तेल कंपनियों ने पिछली बार मई में कीमतें बढ़ाई थीं।
रोज सुबह 6 बजे जारी होते हैं नए रेट
देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें प्रतिदिन सुबह 6 बजे अपडेट की जाती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति और अन्य लागतों के आधार पर ईंधन के दाम तय होते हैं। इसके अलावा अलग-अलग राज्यों में लगने वाले टैक्स के कारण शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अंतर रहता है।
फिलहाल 1 नवंबर को पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर रहने से उपभोक्ताओं को राहत मिली है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जारी तेजी के चलते आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों पर सभी की नजर बनी रहेगी।









