डेस्क : बिहार के नालंदा जिले में बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हत्या में बदल गया। हरनौत थाना क्षेत्र के पोरई गांव में मंगलवार देर रात एक 47 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की कथित तौर पर भीड़ के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई, जबकि परिवार में मातम पसरा हुआ है।
दो बाइकों को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोरई गांव की एक संकरी गली में दो मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। स्थानीय महिलाओं ने बाइक के मालिकों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। इसके बाद वार्ड पार्षद को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाने के लिए डायल 112 पर फोन किया गया।
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दो भाई सौरभ कुमार और गौरव मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों मोटरसाइकिलों को अपने रिश्तेदारों का बताया। इसके बाद बाइक खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज होने लगी।
समझौते की कोशिश के दौरान चली गोली
परिजनों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर गांव के लोग और बुजुर्ग दोनों पक्षों को शांत कराने तथा मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि सौरभ कुमार घर से हथियार लेकर आया और सुनील कुमार पर गोली चला दी। गोली सुनील के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भीड़ के बीच हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
तीन दिन पहले ही छुट्टी पर घर लौटे थे सुनील
परिजनों ने बताया कि सुनील कुमार बाहर रहकर ट्रैक्टर चलाने का काम करते थे। वह घटना से महज तीन दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे। परिवार को उम्मीद थी कि कुछ दिन अपनों के साथ बिताने के बाद वह फिर काम पर लौटेंगे, लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। उनकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन ने बताया कि गली में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









