बैलेट पेपर में भी कांग्रेस बेदम, सिलचर में भाजपा का दबदबा; हिमंत ने कसा तंज

0

डेस्क : असम के सिलचर नगर निगम के पहले चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया है। 42 सदस्यीय नगर निगम में भाजपा ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि उसकी सहयोगी असम गण परिषद को दो सीटें मिलीं। कांग्रेस महज दो सीटों पर सिमट गई, जबकि छह सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।

सिलचर नगर निगम का चुनाव इस बार बैलेट पेपर के माध्यम से कराया गया था। परिणाम सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को लेकर सवाल उठाती रही है, लेकिन बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी उसका प्रदर्शन बेहद खराब रहा।

हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि सिलचर के मतदाताओं ने भाजपा और उसके सहयोगियों के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा सरकार के विकास कार्यों में जनता के विश्वास का परिणाम बताया।

सिलचर नगर निगम के लिए तीन अक्टूबर को मतदान हुआ था। चुनाव में बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में थे। स्थानीय स्तर पर सड़क, जल निकासी, जलभराव, पेयजल और बिजली जैसी समस्याएं प्रमुख चुनावी मुद्दे रहीं। चुनाव परिणाम के बाद भाजपा ने दो वार्डों में दोबारा मतगणना की मांग भी की है।