बैलेट पेपर से हुए MLC चुनाव में कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं? PM मोदी का तंज

0

डेस्क। यूपी-बिहार, कर्नाटक समेत चार राज्यों में हुए MLC चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। 28 सीटों में से कांग्रेस को जीरो सीट मिली है। खास बात यह रही कि ये चुनाव ईवीएम से नहीं, बल्कि बैलेट पेपर से हुए थे। इसमें भी एक भी सीट न जीत पाने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा कि बैलेट पेपर से चुनाव हुए। गेस करिए कि कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ”4 बड़े राज्यों – उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए। चुनाव बैलेट पेपर से हुए। अंदाजा लगाइए कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?” बता दें कि 28 सीटों में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी है। इसमें वो कर्नाटक भी शामिल है, जहां पर कांग्रेस की सरकार है। डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री हैं।

वहीं, उत्तर प्रदेश में भाजपा ने पांच और समाजवादी पार्टी ने तीन सीटें जीतीं। बुधवार को चार राज्यों में 28 ऊपरी सदन की सीटों पर हुए चुनावों के नतीजे आए। काउंटिंग मंगलवार को शुरू हुई और कुछ सीटों पर अभी भी चल रही है। उत्तर प्रदेश में छह टीचर्स और पांच ग्रेजुएट्स सीटों, बिहार में चार-चार, कर्नाटक में दो-दो, और महाराष्ट्र में तीन ग्रेजुएट्स और दो टीचर्स सीटों के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव हुए थे।

महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति तीन सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि विपक्षी NCP (SP) दो सीटों पर आगे थी। जन सुराज पार्टी ने बिहार में अपना खाता खोला और भाजपा, JD(U), RJD और एक इंडिपेंडेंट ने एक-एक सीट जीती है। कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा और वह चारों सीटें हार गई। विपक्षी JD(S) ने सत्ताधारी पार्टी से एक सीट छीन ली और उसकी सहयोगी भाजपा ने तीन सीटें अपने पास रखीं। बता दें कि कांग्रेस और कई दूसरी विपक्षी पार्टियां मांग कर रही हैं कि आगे के सभी चुनाव बैलेट पेपर से हों, ईवीएम से नहीं। विपक्ष कई सालों से ईवीएम पर सवाल उठाते रहा है।

इससे पहले, केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी बुधवार को कर्नाटक में भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए के सभी चार MLC सीटों पर जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस पर तंज कसा था। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोग तो यह भी नहीं समझते कि चुनाव के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का इस्तेमाल करना चाहिए या बैलेट पेपर का। उन्होंने कैबिनेट प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा, “कुछ लोग यह भी नहीं समझना चाहते कि चुनाव बैलेट पेपर से होने चाहिए या नहीं। देखिए कर्नाटक में क्या हुआ। बैलेट पेपर का इस्तेमाल हुआ और भाजपा ने सभी चार सीटें जीत लीं।”