डेस्क : बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। देशभर में प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले इस बार रविवार को भी बैंक खुले रहेंगे। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को घोषणा की कि 27 सितंबर 2026, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे। सरकार ने यह फैसला ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में होने वाली संभावित परेशानी से बचाने के लिए लिया है।
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इससे ठीक पहले 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टी है। ऐसे में बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की आशंका थी। इसी को देखते हुए सरकार ने 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को सामान्य रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है।
RBI ने भी दी मंजूरी
भारतीय रिजर्व बैंक ने भी 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित करने की मंजूरी दे दी है। सरकार के मुताबिक इस कदम का उद्देश्य ग्राहकों की जरूरी बैंकिंग जरूरतों को लंबे समय तक प्रभावित होने से बचाना है।
पांच दिन की परेशानी से बचाने की कोशिश
प्रस्तावित हड़ताल सोमवार से बुधवार तक है और इससे पहले शनिवार-रविवार का अवकाश है। ऐसे में सामान्य स्थिति में ग्राहकों को बैंक शाखाओं से जुड़े कामकाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता था। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने की अपील भी की है।
पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था की मांग
UFBU का कहना है कि पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत कर्मचारियों से जुड़ी कुछ अन्य मांगों को लेकर हड़ताल प्रस्तावित है। संगठन पेंशन में सुधार, सभी पेंशनभोगियों के लिए समान महंगाई भत्ता व्यवस्था और NPS से जुड़े कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में जाने का विकल्प देने जैसी मांगें भी उठा रहा है।
बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि हड़ताल की स्थिति को देखते हुए जरूरी शाखा संबंधी काम पहले ही निपटा लें। साथ ही एटीएम, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।








