स्पोर्ट्स डेस्क : एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबलों में बारिश का असर देखने को मिला। भारत और अफगानिस्तान के बीच प्रस्तावित दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश और मैदान गीला होने के कारण शुरू ही नहीं हो सका। आयोजकों ने टॉस के निर्धारित समय से पहले ही मैच रद्द करने का फैसला किया। इसके साथ ही भारतीय टीम को बिना मुकाबला खेले सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया, जबकि अफगानिस्तान का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे हैं। भारत इस प्रतियोगिता में शीर्ष वरीयता प्राप्त टीम है और उसे सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला था। नॉकआउट मुकाबला बारिश के कारण रद्द होने की स्थिति में शीर्ष वरीयता वाली टीम को अगले दौर में प्रवेश देने का प्रावधान है। इसी नियम के तहत भारत को सेमीफाइनल का टिकट मिला।
वहीं, अफगानिस्तान की टीम ने लीग चरण में दो मुकाबले खेले थे। टीम को एक मैच में जीत मिली, जबकि एक मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा। क्वार्टर फाइनल में भारत के खिलाफ मैदान पर उतरने से पहले ही बारिश ने उसकी राह रोक दी और टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई।
इससे पहले दिन के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले पर भी बारिश का असर पड़ा। पाकिस्तान और हांगकांग चीन के बीच होने वाला मुकाबला भी बारिश और गीले मैदान के कारण नहीं खेला जा सका। मुकाबला रद्द होने के बाद शीर्ष वरीयता के आधार पर पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।








