स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम ने मंगलवार को जापान के खिलाफ खेले गए दोनों देशों के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले में रोमांचक जीत दर्ज की। बारिश के कारण मुकाबला पांच-पांच ओवर का कर दिया गया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 32 रन बनाए। जवाब में जापान की टीम निर्धारित पांच ओवर में तीन विकेट पर 30 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला दो रन से जीत लिया।
गीली आउटफील्ड के कारण मुकाबले का टॉस निर्धारित समय सुबह नौ बजे नहीं हो सका। करीब तीन घंटे की देरी के बाद टॉस हुआ, जिसे भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जबकि संजू सैमसन ने नौ रन और ईशान किशन ने छह गेंद में तीन रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 12 गेंद में 16 रन की पारी खेलकर टीम को 32 रन तक पहुंचाया। जापान की ओर से चार्ली हारा हिंज ने दो विकेट लिए, जबकि इब्राहिम ताकाहाशी और बेंजामिन इटो डेविस को एक-एक सफलता मिली।
33 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान की टीम को शुरुआती ओवर में ही झटका लगा। सलामी बल्लेबाज लाचलान यामामोटो-लेक एक रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद इब्राहिम ताकाहाशी भी तीन गेंद में चार रन बनाकर वाशिंगटन सुंदर की गेंद पर आउट हुए। जापान की टीम ने लक्ष्य तक पहुंचने की पूरी कोशिश की, लेकिन पांच ओवर में 30 रन ही बना सकी।
सानो इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला दोनों देशों के बीच पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच था। भारतीय टीम रविवार को जापान पहुंची थी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम अब इस मुकाबले के बाद एशियन गेम्स के लिए नागोया रवाना होगी। भारतीय टीम एशियन गेम्स में 28 सितंबर को अपना पहला मुकाबला खेलेगी।








