डेस्क : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उसहैत थाना क्षेत्र के बीहट गांव में बुधवार को एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति चार बच्चों को छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को पीआरबी के माध्यम से सूचना मिली कि बीहट गांव निवासी आशीष ने अपनी पत्नी मोहिनी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
बताया गया है कि मोहिनी और आशीष की शादी वर्ष 2012 में हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








