डेस्क : कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को देश में बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं बनने और शिक्षा व्यवस्था में चुनौतियों के कारण युवाओं में असंतोष, निराशा और हताशा बढ़ रही है।
‘एक देश, एक चुनाव’ पर संयुक्त समिति की बैठक के बाद एएनआई से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि पिछले कई वर्षों में रोजगार सृजन पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने विनिर्माण क्षेत्र, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और छोटे कारोबारों को प्रभावित करने वाली नीतियों पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी की स्थिति गंभीर है और युवाओं में बढ़ती बेचैनी इसका संकेत है। प्रियंका गांधी ने शिक्षा व्यवस्था को रोजगार सृजन की कमी से जोड़ते हुए कहा कि इसका असर छात्रों और युवाओं के बीच दिखाई दे रहा है।
उनकी यह टिप्पणी नीति आयोग की रिपोर्ट ‘रीइमेजिनिंग स्किलिंग फॉर विकसित भारत@2047’ के सामने आने के बाद आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 15 से 29 वर्ष की आयु के अनुमानित 8.7 करोड़ युवा शिक्षा, रोजगार या किसी तरह के प्रशिक्षण से जुड़े नहीं हैं। 2021 में हुए राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण के 78वें दौर के आंकड़ों के आधार पर इन युवाओं को ‘नीट’ यानी शिक्षा, रोजगार या प्रशिक्षण से बाहर रहने वाले युवाओं की श्रेणी में रखा गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी नीति आयोग की रिपोर्ट को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि 15 से 29 वर्ष की आयु के 8.7 करोड़ युवा शिक्षा, रोजगार या प्रशिक्षण से बाहर हैं। खरगे ने बेरोजगारी, भर्ती में देरी, कौशल की कमी और गुणवत्तापूर्ण रोजगार के घटते अवसरों को लेकर सरकार से सवाल किए।
खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए पूछा कि स्नातक करने के बाद युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार कहां हैं। उन्होंने रोजगार के सालाना दो करोड़ अवसर पैदा करने के वादे का भी जिक्र किया और कहा कि सरकारी पदों के खाली रहने के बावजूद स्थायी रोजगार के स्थान पर संविदा और अंशकालिक रोजगार बढ़ रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और रोजगार के अवसरों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगी शिक्षा, परीक्षा संबंधी विवाद, भर्ती में देरी और रोजगार के सीमित अवसरों ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।








