भाजपा की नई टीम के साथ पीएम मोदी ने किया मंथन, युवाओं और चुनावी रणनीति पर जोर

0

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के सदस्यों से पार्टी मुख्यालय में मुलाकात की। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और आगामी चुनावों की तैयारियों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से 17 अगस्त को 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री मोदी की नई टीम के साथ यह पहली मुलाकात थी। बैठक में संगठन की प्राथमिकताओं और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि संगठनात्मक बैठकें नए विचार और नए दृष्टिकोण सामने लाने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि इन बैठकों का उद्देश्य संगठन को और मजबूत करना तथा लोगों के साथ पार्टी का जुड़ाव और गहरा करना है।

युवाओं से संवाद बढ़ाने पर जोर

बैठक में युवा वर्ग तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। भाजपा नेतृत्व की ओर से ‘युवा संवाद’ को प्राथमिकता देने की बात कही गई। पार्टी की योजना युवाओं, विशेष रूप से जेनरेशन जेड और जेनरेशन अल्फा के बीच संवाद बढ़ाने की है।

इसके लिए वरिष्ठ नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों की टीमों के माध्यम से युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

आगामी चुनावों को लेकर संगठन की तैयारी

बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों पर भी मंथन किया गया। चुनावी राज्यों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने इससे पहले नई राष्ट्रीय टीम के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की थी। आने वाले दिनों में विभिन्न राज्यों के भाजपा अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और प्रदेश प्रभारियों के साथ भी समीक्षा बैठकें प्रस्तावित हैं।

65 सदस्यीय टीम में 51 नए चेहरे

भाजपा ने 17 अगस्त को अपनी नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की घोषणा की थी। इसमें 51 नए चेहरों को शामिल किया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और राम माधव समेत कई वरिष्ठ नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की नई टीम के साथ यह बैठक ऐसे समय हुई है जब भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों के साथ-साथ 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।