लाडनूं :जैन श्वेतांबर तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशम अधिशास्ता, युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी ने शनिवार को सुधर्मा सभा में आयोजित प्रातःकालीन मुख्य प्रवचन कार्यक्रम में उपस्थित चतुर्विध धर्मसंघ को आज के निर्धारित विषय के माध्यम से पावन पाथेय प्रदान करते हुए कहा कि प्रश्न किया गया कि स्तव-स्तुति मंगल से जीव क्या प्राप्त करता है ? आगम में उत्तर प्रदान किया गया कि स्तव-स्तुति मंगल से जीव ज्ञान, दर्शन और चारित्र की बोधि प्राप्त करता है। बोधि संपन्न जीव या तो मोक्ष प्राप्त करता है अथवा उच्च देवलोकों में गमन करता है।
बारह प्रकार के तपों में स्वाध्याय का स्थान सर्वोपरि है। स्वाध्याय ज्ञान यज्ञ और ज्ञान योग का प्रयोग है, जिससे जीवन में आलोक और प्रशस्त पथ प्राप्त होता है। सेवा भी बड़ा कर्म योग है। जो अक्षम हैं, ग्लान हैं अथवा आचार्य-उपाध्याय जैसे पूजनीय हैं, उनकी सेवा करना साधु-साध्वियों का प्रमुख कर्तव्य होता है। सेवा करने से भी पुण्यार्जन होता है। निरहंकार भाव से की गई भक्ति-सेवा कर्म निर्जरा का साधन बनती है।
व्यक्ति विशेष के साथ-साथ सत्य, प्रामाणिकता, ईमानदारी, अचौर्य और पारदर्शिता के प्रति निष्ठा रखना भी सिद्धांत की भक्ति है। आदमी को अपने जीवन सत्य, ईमानदारी, प्रमाणिकता को बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए। प्रवचन के दौरान आचार्यश्री ने गुरुकुलवासी चारित्रात्माओं द्वारा की जा रही तपस्या आदि के सन्दर्भ में भी जानकारी प्रदान की।
मंगल प्रवचन के उपरान्त इसरो के पूर्व चेयरमैन डाक्टर ए.एस. किरणकुमार ने आचार्यश्री के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम द्वारा आयोजित 19वें राष्ट्रीय अधिवेशन का आचार्यश्री की मंगल सन्निधि मंचीय उपक्रम रहा। इस सन्दर्भ में तेरापंथ प्रफेशनल फोरम के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हिम्मत माण्डोत, पूर्व मुख्य न्यासी श्री एस.के. सिंघी ने अपनी अभिव्यक्ति दी। तदुपरान्त आचार्यश्री ने मंगल आशीष प्रदान करते हुए कहा कि आदमी के जीवन में अच्छा लक्ष्य बन जाए तो जीवन अच्छा हो सकता है। तेरापंथ दर्मसंघ में अनेक केन्द्रीय संस्थाएं हैं। उनमें एक है तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम। यह तेरापंथ समाज के अच्छे बुद्धिमत्ता वाले लोगों का संगठन है। ये लोग धर्म से जुड़ जाते हैं तो कितना अच्छा कार्य करने और सेवा करने का सुअवसर मिल सकता है। चिकित्सा, कानून, वाणिज्यिक सेवा आदि में सहयोग मिल सकता है।
इस दौरान टीपीएफ द्वारा आचार्य महाश्रमण प्रफेशनल आफ द ईयर अवार्ड- 2026 जी बिजनेस के मैनेजिंग एडिटर श्री अनिल सिंघवी को प्रदान किया गया। इस सन्दर्भ में टीपीएफ के पूर्व अध्यक्ष श्री पंकज ओस्तवाल ने अपनी अभिव्यक्ति दी। श्री नरेश कठोतिया ने श्री सिंघवी का परिचय प्रस्तुत किया तो श्री निर्मल कोटेचा ने प्रशस्ति पत्र वाचन का वाचन किया। श्री सिंघवी ने आचार्यश्री के समक्ष अपने कृतज्ञ भाव अर्पित किए। आचार्यश्री ने इस सन्दर्भ में मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।








