भाजपा सरकार के रोजगार और निवेश के दावों पर अखिलेश ने साधा निशाना

0

डेस्क : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर रोजगार, निवेश, किसानों और बिजली समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने सरकार के रोजगार और निवेश संबंधी दावों पर सवाल उठाए।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में निवेश और उद्योग धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं, बल्कि इनका प्रचार विज्ञापनों के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जितनी नौकरियों के दावे किए जा रहे हैं, उन्हें जोड़ दिया जाए तो प्रदेश में कोई बेरोजगार ही नहीं बचेगा।

सपा प्रमुख ने किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आलू खरीद से जुड़े विज्ञापनों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि प्रदेश में आलू की कितनी पैदावार हुई, इसके लिए बजट में कितना प्रावधान किया गया और किसानों से कितनी खरीद हुई। उन्होंने सरकार से किसानों को हुए वास्तविक लाभ का ब्यौरा देने की मांग की।

अखिलेश यादव ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में प्रदेश में एक भी नई पावर यूनिट नहीं लगाई गई। उन्होंने छात्रसंघ चुनावों का समर्थन करते हुए कहा कि यदि दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव हो सकते हैं तो उत्तर प्रदेश में भी होने चाहिए।

सपा अध्यक्ष ने पुलिस-प्रशासन पर भी पक्षपात के आरोप लगाए। उन्होंने रायबरेली और सीतापुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। साथ ही लखीमपुर में सड़क निर्माण से संबंधित मामला उठाते हुए कहा कि पार्टी की ओर से इसकी जांच के लिए कमेटी भेजी गई है।

इस दौरान बांदा से बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके मयंक दीक्षित, श्रावस्ती से भाजपा छोड़कर आए नंद किशोर गिरी और उत्तर प्रदेश चेयरमैन संघ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।