डेस्क : बॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ की शूटिंग से जुड़ा रवीना टंडन और करिश्मा कपूर का एक किस्सा इन दिनों चर्चा में है। दोनों अभिनेत्रियों ने हाल ही में ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ के पांचवें सीजन में साथ नजर आने के दौरान फिल्म की शूटिंग के दिनों की यादें साझा कीं। इस दौरान रवीना ने बताया कि आखिर दोनों के बीच बातचीत की शुरुआत कैसे हुई।
रवीना ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान वह, आमिर खान, सलमान खान और करिश्मा कपूर अक्सर एक-दूसरे से ज्यादा बातचीत नहीं करते थे। हालांकि, सभी कलाकारों को अभिनय और कला से लगाव था और इसी वजह से उन्होंने अपने मतभेदों को किनारे रखकर फिल्म के लिए साथ काम किया।
रवीना ने एक रात की शूटिंग का किस्सा सुनाते हुए बताया कि एक दृश्य के दौरान उन्हें और करिश्मा को एक खंभे से बांधा गया था। इसी बीच डिनर ब्रेक हो गया और बाकी लोग खाना खाने चले गए। दोनों काफी देर तक वहीं बंधी रहीं। माहौल में पसरी चुप्पी को रवीना ने एक छोटे से सवाल से तोड़ा—‘जूस पिएगी?’ करिश्मा ने जवाब दिया कि हां, उन्हें भूख लगी है। रवीना के मुताबिक, इसी बातचीत के बाद दोनों के बीच बातों का सिलसिला शुरू हुआ और झिझक कम होने लगी।
करिश्मा कपूर ने भी फिल्म की शूटिंग से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि ‘ये रात और ये दूरी’ गाने की शूटिंग के दौरान चारों कलाकार काफी नए थे और निर्देशक राजकुमार संतोषी के साथ काम करते हुए नर्वस भी थे। करिश्मा के अनुसार, इस गाने की शूटिंग ने कलाकारों को एक-दूसरे के साथ सहज होने में मदद की।
रवीना और करिश्मा के बीच कथित अनबन की चर्चा वर्षों से होती रही है। वर्ष 2007 में फराह खान ने एक टीवी कार्यक्रम में दोनों के बीच ‘आतिश’ की शूटिंग के दौरान विवाद का जिक्र किया था। हालांकि, बाद में रवीना ने इस बात पर अपनी आपत्ति जताते हुए कहा था कि उस समय वे सभी काफी युवा थे और उनके बीच ऐसी कोई बड़ी लड़ाई नहीं हुई थी, जैसा बताया गया।








