भगवंत मान की पत्नी पर 5 करोड़ की रिश्वत के आरोप, NHRC ने 15 दिन में मांगा जवाब

0

डेस्क : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों पर संज्ञान लिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रेप के एक मामले को दबाने या रफा-दफा करने के लिए 5 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की गई।

मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रंजीत सिंह की ओर से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत के आधार पर NHRC ने पंजाब के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को मामले की जांच कर 15 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंपने का निर्देश दिया है।

आयोग ने इस मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा प्रभाग को भी भेजी है। NHRC के मुताबिक, शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया मानवाधिकारों के उल्लंघन की आशंका से जुड़े हैं और मामले में पीड़िता के न्याय, सुरक्षा और निष्पक्ष जांच के अधिकार को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं।

NHRC सदस्य प्रियंक कानूनगो ने कहा कि राज्य के शीर्ष पद से जुड़े व्यक्ति के परिवार के किसी सदस्य पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामले में इस तरह के आरोप लगना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने अधिकारियों को राजनीतिक दबाव में काम नहीं करने की चेतावनी भी दी है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि पंजाब सरकार और पुलिस से रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा। फिलहाल 5 करोड़ रुपये की रिश्वत और रेप केस को दबाने से जुड़े आरोप जांच के स्तर पर हैं और इनकी पुष्टि होना बाकी है।