डेस्क : अभिनेता गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा अब बड़े पर्दे पर अपनी अभिनय पारी शुरू करने जा रहे हैं। यशवर्धन फिल्म ‘हीरो की हॉरराइन’ से बॉलीवुड में डेब्यू करेंगे। फिल्म में उनके साथ ‘लापता लेडीज’ फेम नितांशी गोयल मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
फिल्म का निर्देशन साजिद खान कर रहे हैं। लंबे अंतराल के बाद साजिद खान इस फिल्म के जरिए निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण एकता आर. कपूर, शोभा कपूर और अमर बुटाला कर रहे हैं।
7 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म
हॉरर-कॉमेडी शैली की इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच अभी से उत्सुकता है। ‘हीरो की हॉरराइन’ 7 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन यशवर्धन और नितांशी की जोड़ी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
मां सुनीता आहूजा भी आएंगी नजर
फिल्म की एक खास बात यह भी है कि यशवर्धन की मां सुनीता आहूजा भी इसमें अभिनय करती नजर आएंगी। वह फिल्म में यशवर्धन की मां की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में जेमी लीवर, चंकी पांडे, बृजेंद्र काला और सिमरत कौर रंधावा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
कैमरे के पीछे भी कर चुके हैं काम
यशवर्धन के लिए फिल्म इंडस्ट्री पूरी तरह नई नहीं है। अभिनय में कदम रखने से पहले वह फिल्म निर्माण की बारीकियां समझने के लिए असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर भी काम कर चुके हैं। वह ‘तड़प’, ‘किक 2’ और ‘ढिशूम’ जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं। ऐसे में अब कैमरे के पीछे के अनुभव के बाद उनका कैमरे के सामने आना दिलचस्प माना जा रहा है।
गोविंदा हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में रहे हैं और उनकी कॉमेडी तथा डांसिंग के लिए खास पहचान रही है। ऐसे में यशवर्धन के डेब्यू को लेकर दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि वह अपने पिता की पहचान से अलग बॉलीवुड में अपनी खुद की जगह किस तरह बनाते हैं।








