डेस्क : ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में बहन को कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने से नाराज दो सालों ने अपने जीजा को दफ्तर में घेरकर गोली मार दी। गोली लगने से जीजा घायल हो गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सभापुर गांव निवासी आकाश और विकास सगे भाई हैं तथा रामपार्क कॉलोनी में प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। उनकी बहन चंचल की शादी करीब नौ वर्ष पहले भजनपुरा निवासी तरुण से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही तरुण उसकी बहन को परेशान करता था। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
सोमवार रात भी आकाश और तरुण के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी। अगले दिन तरुण कुछ लोगों के साथ आकाश और विकास के दफ्तर पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आकाश और विकास ने तरुण के साथ आए लोगों को बाहर निकालकर दफ्तर का शटर बंद कर दिया। इसके बाद तरुण के साथ मारपीट की गई और फायरिंग की गई।
फायरिंग के दौरान एक गोली तरुण की दाहिनी जांघ में लगी, जबकि अन्य गोलियां दफ्तर के शटर में जा लगीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। तरुण को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद होने की बात भी सामने आई है। तरुण की ओर से पूर्व में सालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश, उसके चचेरे भाई शैलेंद्र उर्फ सागर उर्फ बुल्ली समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।








