स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने एक बार फिर टीम इंडिया में वापसी की इच्छा जाहिर की है। 2027 वनडे विश्व कप को लेकर चर्चा के बीच भुवनेश्वर ने कहा कि उनका भी मन है कि वह दोबारा भारतीय टीम की जर्सी पहनें। उन्होंने फैंस की ओर से मिल रहे प्यार और समर्थन के लिए आभार भी जताया।
भुवनेश्वर कुमार इस समय यूपी टी-20 लीग में खेल रहे हैं और गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं। लीग के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो में उनसे 2027 विश्व कप के लिए बनाई गई एक काल्पनिक भारतीय टीम में उनकी वापसी को लेकर सवाल किया गया। इस पर भुवनेश्वर ने मुस्कुराते हुए कहा, “यार मन तो मेरा भी है।”
फैंस के प्यार से गदगद हुए भुवी
भुवनेश्वर से जब कहा गया कि सभी चाहते हैं कि उनकी टीम इंडिया में वापसी हो, तो उन्होंने कहा कि यह फैंस का प्यार है और इसके लिए वह बहुत शुक्रगुजार हैं। जब उनसे पूछा गया कि जिस तरह वह यूपी टी-20 लीग में शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं, क्या वैसा प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए भी हो सकता है, तो उन्होंने कहा कि ऐसा हो जाए तो इससे बढ़िया और क्या होगा।
2022 में खेला था आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच
भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद से वह राष्ट्रीय टीम से बाहर हैं। वह भारत के लिए वनडे और टी-20 दोनों प्रारूपों में खेल चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका आखिरी मुकाबला 2018 में हुआ था।
इससे पहले भी भुवनेश्वर ने टीम इंडिया में वापसी को लेकर कहा था कि अगर उन्हें मौका मिलता है तो वह इसे ठुकराएंगे नहीं। अगस्त 2026 में उन्होंने कहा था कि चयनकर्ताओं की ओर से बुलावा आने पर वह वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अब 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए भुवनेश्वर का प्रदर्शन और उनकी फिटनेस महत्वपूर्ण होगी। हालांकि, अंतिम फैसला चयनकर्ताओं के हाथ में है। फिलहाल अनुभवी तेज गेंदबाज घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करके अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।








