अमेरिकी टैरिफ पर कार्नी का पलटवार, बोले- कनाडा देगा करारा जवाब

0

डेस्क :अमेरिका की ओर से कनाडा के कुछ उत्पादों पर नए टैरिफ लगाए जाने के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उनकी सरकार देश के नागरिकों और कारोबारों के हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि कनाडा अपने कामगारों, किसानों, कारोबारियों और परिवारों के समर्थन के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।

कार्नी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि अमेरिका की ओर से की गई यह कार्रवाई एकतरफा व्यापारिक कदमों की श्रृंखला का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ने कनाडा-अमेरिका-मेक्सिको समझौते (सीयूएसएमए) का उल्लंघन करते हुए कई क्षेत्रों में टैरिफ लगाए हैं। इनमें कनाडा के ऑटो सेक्टर पर लगाए गए शुल्क भी शामिल हैं। कार्नी ने कहा कि कनाडा ने अपने अधिकारों के तहत इन उपायों का जवाब दिया है।

कनाडाई प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की संप्रभुता को लेकर पैदा हुए खतरों और अमेरिकी व्यापारिक कदमों के जवाब में कनाडा के विभिन्न प्रांतों और क्षेत्रों के लोग एकजुट होकर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और कामगारों, किसानों, कारोबारों तथा परिवारों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।

कार्नी ने कहा कि अमेरिका पिछले करीब 18 महीनों से अपने सभी व्यापारिक संबंधों में बदलाव कर रहा है। इसे देखते हुए कनाडा ने विवाद को सुलझाने और सीयूएसएमए को आधुनिक बनाने के लिए कई विस्तृत प्रस्ताव दिए हैं। उन्होंने कहा कि कनाडा आने वाले सप्ताहों में अमेरिका के साथ बातचीत को और तेज करने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि कनाडा मुक्त और निष्पक्ष व्यापार के लाभों में विश्वास करता है। कार्नी के मुताबिक, उनकी नई सरकार ने 20 से अधिक नए आर्थिक और सुरक्षा साझेदारियां की हैं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा व्यापार विवाद से परिवारों की लागत बढ़ी है, खासकर अमेरिका में। कनाडा दोनों देशों के नागरिकों के हित में लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए अमेरिका के साथ गहन बातचीत को तैयार है।

गौरतलब है कि अमेरिका ने सोमवार को कनाडा के कुछ उत्पादों पर अतिरिक्त 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। अमेरिका ने इसे अमेरिकी उत्पादों के साथ कथित भेदभावपूर्ण व्यवहार के जवाब में उठाया गया कदम बताया है। नए शुल्क मोटर वाहन, डेयरी और मादक पेय पदार्थों से जुड़े कुछ उत्पादों पर लागू होंगे और ट्रंप द्वारा संबंधित घोषणाओं पर हस्ताक्षर किए जाने के 30 दिन बाद प्रभावी होने की बात कही गई है।