छात्रों के प्रदर्शन पर बोले हेमंत सोरेन, कहा- ‘हमने चोरी पकड़ ली है, दोषियों को मिलेगी सजा’

0

डेस्क : झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन जारी है। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं को भरोसा दिलाया है कि उन्हें पूरी पारदर्शिता के साथ न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान लाठी, गोली या डंडे से नहीं, बल्कि बातचीत और संवाद से ही हो सकता है।

आदिवासी महोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे युवाओं की चिंता सरकार की भी चिंता है। उन्होंने कहा, “हमने चोरी पकड़ ली है और युवाओं को न्याय मिलेगा। जिसने गड़बड़ी की है, उसे सख्त सजा मिलेगी।” मुख्यमंत्री ने युवाओं से भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करेगी।

आंदोलन का राजनीतिकरण नहीं हो

हेमंत सोरेन ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक दलों पर युवाओं को भ्रमित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को न सरकार की राजनीतिक छत्रछाया की जरूरत है और न किसी अन्य राजनीतिक दल की। वे छात्र हैं और न्याय पाना उनका अधिकार है।

उन्होंने कहा कि देशभर में राजनीतिक दल युवाओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे हैं। युवाओं को झूठ-सच के जरिए भ्रमित करने के प्रयास हो रहे हैं, लेकिन सरकार ऐसा नहीं होने देगी।

छठे दौर की बातचीत जारी

भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। दोनों पक्षों के बीच छठे दौर की वार्ता चल रही है। सरकार की ओर से छात्रों की मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल धरने पर बैठे छात्रों की ही नहीं, बल्कि घर से अपनी बात रखने वाले युवाओं की भी बात सुनेगी। उन्होंने दोहराया कि हर समस्या का समाधान संवाद से संभव है और हिंसा से केवल नुकसान होता है।