स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में छह विकेट से जीत दर्ज की। कोलंबो के नोंडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर रविवार को श्रीलंका इलेवन ने भारत के सामने 207 रन का लक्ष्य रखा, जिसे भारतीय टीम ने 45 ओवर में चार विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। मुकाबला एक समय रोमांचक स्थिति में पहुंच गया था, लेकिन तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बल्ले से आक्रामक अंदाज दिखाते हुए भारत को जीत दिला दी।
सिराज ने महज 15 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए। उनकी पारी में एक चौका और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने केशर नुवांथा के एक ओवर में लगातार तीन छक्के जड़ने के बाद एक गेंद डॉट खेली और फिर चौका लगाया। इसके बाद सिंगल लेकर उन्होंने भारत की जीत पक्की कर दी। सारांश जैन दो रन बनाकर नाबाद रहे।
जायसवाल और गिल ने रखी जीत की नींव
207 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की। जायसवाल ने 46 गेंदों में 61 रन बनाए और रिटायर्ड हर्ट हुए। उनकी पारी में नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे।
वहीं, कप्तान शुभमन गिल ने 54 गेंदों में 44 रन की पारी खेली। उन्होंने सात चौके लगाए। गिल 21वें ओवर में केशर नुवांथा का शिकार बने। चोट के कारण गिल पहली पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे थे।
पहली पारी में भारत ने बनाए 357 रन
इससे पहले श्रीलंका इलेवन ने अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 363 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने दूसरे दिन 90 ओवर में छह विकेट पर 357 रन बनाए। तीसरे और अंतिम दिन खेल शुरू होने पर भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी घोषित कर दी।
इसके बाद श्रीलंका इलेवन ने दूसरी पारी में 45 ओवर में छह विकेट पर 200 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और भारत के सामने 207 रन का लक्ष्य रखा। भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में लक्ष्य हासिल कर अभ्यास मैच में जीत दर्ज की।
अब भारत की नजर श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज पर है। दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा।








