चिराग को मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी, लोजपा-आर ने कार्यकर्ताओं को दिलाया संकल्प

0

डेस्क : बिहार की राजनीति में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने भविष्य के राजनीतिक लक्ष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार बनाने और राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया है।

पटना के व्हीलर रोड स्थित लोजपा-रामविलास के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजू तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि आगामी विधानसभा चुनाव में लोजपा-रामविलास की सरकार बनाई जाएगी और चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। राजू तिवारी इससे पहले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे और हाल ही में उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।

‘लोजपा नंबर वन बनी तो चिराग ही होंगे मुख्यमंत्री’

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने भी चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि 2029 या 2030 में जब भी बिहार विधानसभा चुनाव होंगे, पार्टी का लक्ष्य चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाना रहेगा। उन्होंने दावा किया कि बिहार में जब लोजपा-रामविलास नंबर वन पार्टी बनेगी, तो स्वाभाविक रूप से चिराग पासवान मुख्यमंत्री होंगे।

एनडीए के भीतर बढ़ सकती है राजनीतिक हलचल

चिराग पासवान की पार्टी फिलहाल एनडीए का हिस्सा है और चिराग केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री हैं। ऐसे में लोजपा-आर की ओर से मुख्यमंत्री पद को लेकर खुलकर लक्ष्य तय करना बिहार के सियासी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पार्टी की ओर से इससे पहले भी चिराग पासवान को बिहार के मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश करने की कोशिशें होती रही हैं। अब पार्टी के शीर्ष नेताओं द्वारा 2029-30 के विधानसभा चुनाव को लेकर यह लक्ष्य दोहराए जाने से बिहार की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। खास तौर पर एनडीए के भीतर इस बयान का क्या असर पड़ता है, इस पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।