भारत ने पाकिस्तान को रौंदा, एशिया कप में 7 विकेट से दी करारी शिकस्त

0

स्पोर्ट्स डेस्क : महिला एशिया कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने कुल 55 रन बनाए थे और 56 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे टीम इंडिया ने 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने इस उम्मीद के साथ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया कि उनके बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन करेंगे, लेकिन आलम ये रहा कि 11 में 9 बैटर जिमसें खुद फातिमा सना शामिल थीं, दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके। सिर्फ दो बल्लेबाजों ने दोहरे अंकों को टच किया। 0, 2, 3, 0, 5, 6, 9, 0, 0, यह कोई मोबाइल नंबर नहीं बल्कि पाकिस्तान के बल्लेबाजों का स्कोरकार्ड है। शवाल जुल्फिकार ने सर्वाधिक 14 रन बनाए। मुनीबा अली ने 13 रनों की पारी खेली। इस मुकाबले में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। प्रेमा रावत और श्री चरणी ने 3-3 विकेट लिए। दीप्ति शर्मा को दो विकेट मिले। शेफाली वर्मा ने एक विकेट हासिल किया, जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुई।

56 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा 13 के स्कोर टीम स्कोर पर फातिमा सना का शिकार बनीं। इसके बाद 18 रनों के टीम स्कोर पर प्रतिका रावल भी फातिमा सना की गेंद पर आउट हो गईं। दोनों विकेट एक ही ओवर में गिरे। इसके बाद 29 रनों के टीम स्कोर पर फातिमा सना ने उप- कप्तान स्मृति मंधाना को भी पवेलियन भेज दिया। हालांकि, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने परिस्थितियों को समझते हुए संभलकर बल्लेबाजी की और दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर 8.4 ओवर में 56 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया। शेफाली वर्मा ने 12 (6), स्मृति मंधाना ने 9 (11), प्रतिका रावल ने 4 (3) बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर 18 (18) और दीप्ति शर्मा 12 (14) बनाकर नाबाद रहीं।