‘चलो संसद’ मार्च में गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को कांग्रेस देगी कानूनी मदद, लीगल टीम तैनात

0

नई दिल्ली :‘चलो संसद’ मार्च के दौरान गिरफ्तार, हिरासत में लिए गए या कथित तौर पर घायल हुए युवाओं के समर्थन में कांग्रेस आगे आई है। पार्टी ने ऐसे प्रदर्शनकारियों को हरसंभव कानूनी सहायता देने का ऐलान किया है। कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अपनी कानूनी टीम को प्रभावित युवाओं की मदद के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस ने कानूनी सहायता की जरूरत वाले लोगों तक पहुंचने के लिए एक ऑनलाइन फॉर्म भी साझा किया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि प्रदर्शन के सिलसिले में गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए लोगों को कानूनी मदद उपलब्ध कराने के लिए कांग्रेस की टीम उनसे संपर्क करेगी।

यह घटनाक्रम सोमवार को हुए ‘चलो संसद’ मार्च के बाद सामने आया है। यह मार्च कॉकरेच जनता पार्टी की ओर से आयोजित किया गया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति बनी। पुलिस के अनुसार, घटना के सिलसिले में कई मामले दर्ज किए गए हैं और कुछ अन्य मामलों में भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस के मुताबिक, हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं में पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं तथा कुछ पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

कांग्रेस ने प्रदर्शनकारियों को कानूनी सहायता देने के फैसले के जरिए उनके प्रति समर्थन जताया है। पार्टी का कहना है कि जिन युवाओं को कानूनी मदद की जरूरत है, वे उपलब्ध कराए गए माध्यम से अपनी जानकारी साझा कर सकते हैं, ताकि कांग्रेस की कानूनी टीम उनसे संपर्क कर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा सके।

‘चलो संसद’ मार्च के बाद राजधानी में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम को लेकर विपक्ष और प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि पुलिस ने हिंसा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की घटनाओं के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।