दूध के दाम में 9 रुपये की बढ़ोतरी, 1 सितंबर से नई दर लागू

0

मुंबई :  त्योहारों से पहले मुंबई के लोगों को महंगाई का झटका लगा है। बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने दूध की थोक कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दर 1 सितंबर 2026 से लागू होगी। इसके बाद मुंबई और आसपास के इलाकों में ताजा दूध का थोक भाव 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। नई दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी।

एसोसिएशन के अनुसार, पिछले एक वर्ष के दौरान पशु आहार, चूनी, हरे चारे और अन्य सामग्री की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा डेयरी संचालकों के परिवहन खर्च में भी इजाफा हुआ है। बढ़ती लागत के कारण दूध की थोक कीमत में यह वृद्धि की गई है।

त्योहारों से पहले बढ़ा बोझ

दूध के दाम में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब गणेश उत्सव समेत कई त्योहार आने वाले हैं। दूध की कीमत बढ़ने का असर केवल घरेलू बजट पर ही नहीं, बल्कि दूध से तैयार होने वाले अन्य उत्पादों पर भी पड़ सकता है। दही, मक्खन, घी और मिठाइयों की कीमतों में भी आने वाले दिनों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

छह महीने तक लागू रहेगी नई दर

नई थोक दर 1 सितंबर 2026 से लागू होकर 28 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी। एसोसिएशन का कहना है कि पशुपालन और दूध उत्पादन की बढ़ती लागत को देखते हुए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया था। हालांकि, थोक कीमत में बढ़ोतरी का असर खुदरा बाजार में कितना पड़ेगा, यह स्थानीय विक्रेताओं और आपूर्तिकर्ताओं की कीमतों पर निर्भर करेगा।