दुर्गा पूजा से जुड़े कथित 60 करोड़ के घोटाले में ईडी की छापेमारी

0

डेस्क : पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से जुड़े कथित करोड़ों रुपये के वित्तीय अनियमितता मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने तृणमूल कांग्रेस के नेता और राज्य के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के कोलकाता स्थित आवास समेत कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।

रिपोर्ट के अनुसार, ईडी की टीमें कोलकाता में इंद्रनील सेन के हाइलैंड पार्क और हिंदुस्तान पार्क स्थित परिसरों के अलावा उनके रिश्तेदारों और अन्य संबंधित ठिकानों समेत करीब 10 स्थानों पर तलाशी ले रही हैं। कार्रवाई के दौरान कुछ दस्तावेज और अन्य सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है।

मामला ‘मास आर्ट’ नाम की संस्था से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि इस संस्था के माध्यम से दुर्गा पूजा के प्रीव्यू शो के नाम पर बाजार से करीब 50 से 60 करोड़ रुपये जुटाए गए। एजेंसी इस रकम के इस्तेमाल और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है।

यूनेस्को के नाम और लोगो के इस्तेमाल का आरोप

जांच के मुताबिक, इंद्रनील सेन और उनकी पत्नी मधुचंदा सेन ने वर्ष 2022 में ‘महानिर्वाण रोड मास आर्ट सोसाइटी’ नाम से संस्था का गठन किया था। आरोप है कि संस्था ने यूनेस्को के नाम और लोगो का इस्तेमाल करते हुए खुद को उसका आधिकारिक साझेदार बताया।

इसके बाद कोलकाता के 24 दुर्गा पूजा पंडालों के प्रीव्यू शो के नाम पर टिकट जारी किए गए। जांच एजेंसी के अनुसार, इन टिकटों के माध्यम से बड़ी रकम जुटाई गई। मामले में संस्था पर यूनेस्को के नाम के कथित दुरुपयोग और धन के लेन-देन में अनियमितता के आरोप हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि मामले की चार्जशीट में संस्था की गतिविधियों और उसके संचालन को लेकर कई आरोप लगाए गए हैं। ईडी अब कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। हालांकि, जांच पूरी होने और अदालत में आरोप साबित होने तक इन आरोपों को आरोप के तौर पर ही देखा जाएगा।