एलपीयू में अफवाह पर भड़के छात्र, रातभर तोड़फोड़ और आगजनी; हाईवे जाम

0

डेस्क : पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार तड़के एक छात्रा से कथित दुष्कर्म की अपुष्ट खबर सोशल मीडिया पर फैलने के बाद छात्रों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। सैकड़ों छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ की, कुछ इमारतों और सामान में आग लगा दी तथा जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।

बताया गया कि विरोध प्रदर्शन की शुरुआत रात करीब दो बजे गर्ल्स हॉस्टल के पास से हुई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में जुट गए। प्रदर्शनकारियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़े, गमले और ईंटें फेंकीं तथा विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई और कुछ स्थानों पर आगजनी भी हुई।

तड़के करीब चार बजे प्रदर्शनकारी विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर पहुंच गए। वहां लगे साइन बोर्ड को नुकसान पहुंचाने के बाद छात्रों ने जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे पर धरना शुरू कर दिया। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए।

पुलिस ने दुष्कर्म की घटना से किया इनकार

मामले की सूचना मिलने पर कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर फैली दुष्कर्म की खबर की अब तक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस को इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है और कथित घटना का कोई सबूत भी सामने नहीं आया है।

एसएसपी ने कहा कि अफवाह फैलने के बाद छात्रों में आक्रोश बढ़ा और उन्होंने विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा हाईवे जाम किया। पुलिस और प्रशासन की ओर से छात्रों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ अफवाह फैलाने और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।