डेस्क : बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में एक हिंदू ज्वैलर की हत्या का मामला सामने आया है। 50 वर्षीय निरंजन चंद्र सूत्रधार का शव एक नीले प्लास्टिक के ड्रम में मिला। ड्रम बेगुनबाड़ी इलाके में एक स्लुइस गेट के पास पानी में तैरता हुआ मिला था। पुलिस ने शव की पहचान निरंजन चंद्र के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार, निरंजन चंद्र अठारबाड़ी बिल्डिंग इलाके में साझेदारी में ज्वैलरी की दुकान चलाते थे। वह अपनी पत्नी सुमिता रानी सूत्रधार और बेटे जॉय सूत्रधार के साथ मयमनसिंह के स्टेडियम इलाके में किराए के मकान में रहते थे।
बताया गया है कि निरंजन 20 सितंबर को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिवार के मुताबिक, वह पहले भी कभी-कभी कुछ दिनों के लिए घर से बाहर रहते थे, इसलिए शुरुआत में परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
पुलिस को शव की पहचान करने में उसकी जेब से मिले एक टोकन से मदद मिली। यह टोकन मयमनसिंह हिंदू कोऑपरेटिव क्रेडिट यूनियन लिमिटेड का था। पुलिस ने संस्था से संपर्क कर जानकारी जुटाई, जिसके बाद मृतक की पहचान निरंजन चंद्र सूत्रधार के तौर पर हुई। बाद में परिजनों ने भी शव की पहचान की।
पुलिस के मुताबिक, शव पर सिर और सीने पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि हत्या के बाद शव को ड्रम में डालकर पानी में फेंका गया। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।








