डेस्क : उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली सफलता के बाद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी है। हालांकि, उन्होंने जीत के बाद जश्न मनाने के बजाय संयम बरतने की अपील की है। अखिलेश ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जीत के उपलक्ष्य में न तो कोई जुलूस निकाला जाए और न ही ऐसा कोई आयोजन हो, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि चुनाव में मिली जीत की जानकारी शांतिपूर्ण तरीके से जनता तक पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि किसी भी तरह के हंगामे से बचें। उनके मुताबिक, ऐसी स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए जिसका राजनीतिक फायदा उठाकर समाजवादी पार्टी की छवि खराब की जा सके।
भाजपा पर लगाया माहौल बिगाड़ने की आशंका का आरोप
सपा अध्यक्ष ने आशंका जताई कि भाजपा के समर्थक जश्न के दौरान पार्टी के लोगों के बीच शामिल होकर माहौल बिगाड़ सकते हैं और फिर समाजवादी पार्टी पर हंगामा करने का आरोप लगा सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और किसी भी तरह की राजनीतिक साजिश से बचने की अपील की।
अखिलेश ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। जीत का संदेश जनता तक पहुंचाना जरूरी है, लेकिन यह काम शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
विजयी प्रत्याशियों से समर्थकों की सूची मांगी
अखिलेश यादव ने विजयी एमएलसी प्रत्याशियों से उन कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों की सूची तैयार करने को कहा है, जिन्होंने चुनाव में उनकी जीत के लिए सहयोग किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी की ओर से इन सभी लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वह स्वयं विजयी प्रत्याशियों का अभिनंदन करेंगे। संभव हुआ तो उनके क्षेत्र में जाकर उनसे मुलाकात भी करेंगे।
विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की तैयारी
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए एमएलसी चुनाव में मिली सफलता समाजवादी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अखिलेश यादव का संदेश कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और चुनावी सफलता को जनता के बीच पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व अब जीत के उत्साह को संगठनात्मक मजबूती में बदलने पर जोर दे रहा है।









