स्पोर्ट्स डेस्क: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। शनिवार को गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मलेशिया को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में पांचवीं बार हॉकी का गोल्ड मेडल जीता और लॉस एंजिलस 2028 ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। इस स्वर्ण पदक के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल गोल्ड मेडल की संख्या 21 हो गई है।
फाइनल में भारत का दबदबा
फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर के 11वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, मलेशिया ने 14वें मिनट में गोल करके मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने फिर बढ़त हासिल की। 23वें मिनट में गुजराज सिंह ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में 42वें मिनट में हार्दिक ने गोल दागकर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी बढ़त बनाए रखी और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराया था
फाइनल से पहले भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को कड़े मुकाबले में 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से मात देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया था।
पूल ए में भारत का शानदार प्रदर्शन
भारतीय टीम ने पूल ए में भी दमदार प्रदर्शन किया। भारत ने ग्रुप चरण में इंडोनेशिया को 13-1, श्रीलंका को 16-1, रिपब्लिक ऑफ कोरिया को 8-2, जापान को 2-0 और बांग्लादेश को 10-0 से हराया। इस प्रदर्शन के दम पर भारत ने नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।
दूसरी ओर, मलेशिया ने पूल बी में एक भी मुकाबला गंवाए बिना शीर्ष स्थान हासिल किया। उसने उज्बेकिस्तान और ओमान को 7-0 से, थाईलैंड को 10-0 से और पाकिस्तान को 5-4 से हराया। सेमीफाइनल में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से शिकस्त दी थी।
पांचवीं बार एशियन गेम्स चैंपियन बना भारत
भारतीय पुरुष हॉकी टीम इससे पहले चार बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी थी। भारत ने पहली बार 1966 में बैंकॉक एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल हासिल किया था। इसके बाद 1998 में भी बैंकॉक में भारतीय टीम चैंपियन बनी।
भारत ने 2014 में इंचियोन एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता, जबकि 2023 में हांगझोऊ में भी टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। अब 2026 में मलेशिया को हराकर भारत ने पांचवीं बार एशियन गेम्स हॉकी का खिताब जीत लिया है। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने के साथ LA 2028 ओलंपिक का कोटा भी हासिल कर लिया।








