फडणवीस को मोदी कैबिनेट में शामिल करने की चर्चा के बीच पंकजा मुंडे बोलीं- अभी महाराष्ट्र में जरूरी

0

डेस्क : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में शामिल होने की अटकलों के बीच भाजपा नेता और राज्य की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फडणवीस इस समय महाराष्ट्र में जिस पद पर हैं, वहां उनकी जरूरत है। हालांकि, उन्होंने फडणवीस के भविष्य में और आगे बढ़ने की इच्छा भी जताई।

पंकजा मुंडे ने गुरुवार को कोल्हापुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि फडणवीस को लेकर कोई भी बड़ा फैसला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंजूरी के बिना संभव नहीं है। उन्होंने फडणवीस को प्रभावशाली और मजबूत नेता बताते हुए कहा कि वह लंबे समय से उनके साथ काम कर रही हैं।

पंकजा मुंडे ने कहा कि वह केवल यह प्रार्थना कर सकती हैं कि फडणवीस वर्तमान पद से आगे बढ़ें, लेकिन फिलहाल महाराष्ट्र में ही उनकी जरूरत है। उनके इस बयान के बाद फडणवीस के केंद्र की राजनीति में जाने को लेकर चल रही चर्चाओं को नया राजनीतिक संदर्भ मिल गया है।

संजय राउत के दावे के बाद बढ़ी थी चर्चा

फडणवीस को दिल्ली बुलाए जाने की अटकलों को शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के एक बयान से भी हवा मिली थी। राउत ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फडणवीस को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि उन्हें उपप्रधानमंत्री बनाए जाने की संभावनाओं पर चर्चा चल रही है।

हालांकि, फडणवीस को केंद्र में लाने या उन्हें उपप्रधानमंत्री बनाए जाने को लेकर भाजपा या केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल यह मामला राजनीतिक अटकलों तक ही सीमित है।

मराठा आरक्षण के मुद्दे पर भी बोलीं पंकजा

पंकजा मुंडे ने मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे के आंदोलन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संवैधानिक दायरे में रहते हुए उनकी मांगों पर समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि जरांगे की मांगों पर बातचीत के लिए सरकार ने मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। सरकार का प्रयास है कि संवैधानिक प्रावधानों के तहत उचित समाधान निकाला जा सके।