गुटखा देने में देरी पर भड़का आईटीबीपी हवलदार, दुकानदार को मारी गोली; गिरफ्तार

0

डेस्क : सूरजपुर क्षेत्र के खेड़ी भनौता गांव में गुटखा देने में देरी होने पर आईटीबीपी के एक हवलदार ने दुकानदार पर गोली चला दी। गोली दुकानदार के पेट को छूकर निकल गई। घायल दुकानदार का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी हवलदार को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी पिस्तौल बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, खेड़ी भनौता गांव में उदय प्रताप सिंह दुकान चलाते हैं। उनके पड़ोस में रहने वाला सुरेंद्र सिंह आईटीबीपी में हवलदार है और इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। सोमवार को सुरेंद्र दुकान पर गुटखा लेने पहुंचा। उस समय दुकान पर ग्राहकों की भीड़ थी, जिसके कारण गुटखा देने में कुछ देर हो गई।

देरी होने पर सुरेंद्र भड़क गया और दुकानदार से गाली-गलौज करने लगा। उदय प्रताप ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकालकर फायर कर दिया। गोली उदय प्रताप के पेट को छूकर निकल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल दुकानदार को अस्पताल पहुंचाया।

गुस्से में पिस्तौल तानने का दावा

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मंगलवार को सुरेंद्र को रूपवास बाईपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद की।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गुस्से में दुकानदार को डराने के लिए पिस्तौल उसकी ओर कर रहा था और इसी दौरान गोली चल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पिस्तौल का लाइसेंस रद्द करने की तैयारी

पुलिस ने आरोपी की पिस्तौल का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा आईटीबीपी मुख्यालय को भी मामले की जानकारी भेजी जाएगी।