डेस्क : अमेरिका के इलिनॉय राज्य में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर कथित तौर पर सामूहिक गोलीबारी की साजिश रचे जाने के मामले पर भारत ने गहरी चिंता जताई है। भारत ने अमेरिकी प्रशासन से वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यह बात कही।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, अमेरिका के ऑरोरा क्षेत्र में स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश का मामला बेहद चिंताजनक है। भारत ने इस मामले में अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई पर ध्यान दिया है और अमेरिकी अधिकारियों से भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस मामले में 19 वर्षीय अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस को 11 अक्टूबर को शिकागो के निकट पलाटाइन इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उस पर ऑरोरा स्थित हिंदू मंदिर में भारतीय मूल के लोगों को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी की कथित योजना बनाने का आरोप है।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी के सहकर्मियों ने उसके कुछ संदिग्ध संदेशों और धमकियों की जानकारी पुलिस को दी थी। इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने एक व्यक्ति पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन उसकी राइफल में खराबी आ गई। पुलिस ने आरोपी के आवास से राइफल, कारतूस, मैगजीन और अन्य सामरिक उपकरण भी बरामद किए हैं।
नस्लीय नफरत और हिंदू विरोधी हिंसा पर चिंता
जांच के दौरान कथित तौर पर एक दस्तावेज भी मिला, जिसमें नस्लीय श्रेष्ठता और नव-नाजी विचारधारा से जुड़ी बातें होने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेज में भारतीय मूल के लोगों और अन्य समुदायों के प्रति नफरत से संबंधित सामग्री थी।
विदेश मंत्रालय ने इससे पहले इस कथित साजिश के नस्लवादी और हिंदू विरोधी पहलुओं को विशेष रूप से चिंताजनक बताया था। भारत ने अमेरिकी अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करने, जिम्मेदार लोगों को न्याय के दायरे में लाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।
भारत ने यह भी रेखांकित किया कि अमेरिका में भारतीय समुदाय के खिलाफ नस्लीय शत्रुता और भारत विरोधी नफरत से जुड़ी घटनाओं को गंभीरता से लेने की जरूरत है। भारतीय नागरिकों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना इस मामले में प्रमुख चिंता बनी हुई है।









