डेस्क : केरल के पलक्कड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतीकात्मक अर्थी निकाली और सांकेतिक अंतिम संस्कार कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार की तस्वीर पर फूलों की माला चढ़ाई गई। बाद में प्रतीकात्मक चिता जलाकर विरोध दर्ज कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से प्रतीकात्मक अर्थी लेकर स्टेडियम बस स्टैंड पहुंचे। यहां उन्होंने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और सांकेतिक अंतिम संस्कार किया। प्रदर्शन के बाद प्रतीकात्मक अस्थियों को शौचालय में डालकर अपना विरोध जताया गया।
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विपक्ष नाराज
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्षी दलों की नाराजगी का प्रमुख कारण मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया है। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल इस प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी नेताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
पलक्कड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस प्रदर्शन के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रतीकात्मक अर्थी और अंतिम संस्कार के जरिए विरोध जताने के इस तरीके को लेकर भी बहस छिड़ सकती है। चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच जारी राजनीतिक टकराव के बीच यह घटना सामने आई है।









