नई दिल्ली : ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे पनामा के झंडे वाले एक वाणिज्यिक जहाज पर मंगलवार को प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। हमले में चालक दल के 12 सदस्य घायल हो गए, जिनमें 11 भारतीय नागरिक शामिल हैं। घटना के बाद भारत ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, जहाज पर कुल 19 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 17 भारतीय नागरिक थे। हमले में घायल हुए 12 लोगों को ओमानी अधिकारियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सभी घायलों को ओमान के खसब में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों को निशाना बनाना गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे हमलों से क्षेत्रीय शांति और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। भारत ने तत्काल हिंसा रोकने और क्षेत्र में नौवहन की सुरक्षा बहाल करने पर जोर दिया।
भारत ने घायलों को सुरक्षित निकालने और उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार भी जताया। मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में वाणिज्यिक गतिविधियां सुरक्षित और निर्बाध रूप से जारी रहनी चाहिए।








