डेस्क : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस और उनके ओएसडी (विशेष कार्याधिकारी) राजबीर सिंह घुमन से जुड़े ठिकानों पर मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित भ्रष्टाचार के एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई है। सीबीआई की टीम ने चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस के अलावा घुमन के आवास और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ली।
यह मामला सरकारी अधिकारियों की नियुक्ति और तबादलों, सरकारी टेंडर तथा अन्य प्रशासनिक मामलों में कथित अनियमितताओं के आरोपों से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से मामले में कुछ गंभीर आरोप सामने रखे गए थे। इसके बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया था।
बताया गया है कि ईडी ने अपनी जांच के दौरान मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुमन से जुड़े कथित लेनदेन और सरकारी कामकाज में प्रभाव के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए थे। आरोपों में सरकारी अधिकारियों की पोस्टिंग और तबादलों को प्रभावित करने तथा कुछ सरकारी सुविधाएं दिलाने के लिए कथित तौर पर बिचौलियों के इस्तेमाल का भी उल्लेख किया गया था।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई ने मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को विभिन्न ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। अदालत ने सीबीआई को मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच करने और निर्धारित समय में स्थिति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सीबीआई की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल पंजाब सरकार को निशाना बनाने के लिए कर रही है। मान ने कहा कि उनकी सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट के सीबीआई जांच के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती भी दी है। मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है।








