जीएमडीए घोटाले में ईडी का बड़ा एक्शन, जालंधर से दिल्ली तक छापेमारी

0

डेस्क : ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) से जुड़े कथित करीब 150 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीमों ने पंजाब के मोहाली, जालंधर और चंडीगढ़ के अलावा दिल्ली में कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संबंधित दस्तावेजों, कंप्यूटर रिकॉर्ड और अन्य अहम जानकारियों को खंगाला गया।

जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम मोहाली स्थित जीएमडीए कार्यालय भी पहुंची। इसके अलावा पंजाब आवास विभाग के प्रमुख सचिव आईएएस विकास गर्ग के कार्यालय में भी तलाशी ली गई। जांच एजेंसी ने अधिकारियों से जुड़े कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की भी जांच की। हालांकि, छापेमारी को लेकर ईडी की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

यह मामला मुख्य रूप से भू-उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) से जुड़े कथित घोटाले और शुल्क में अनियमितताओं से संबंधित बताया जा रहा है। जांच के दायरे में न्यू चंडीगढ़ की सनटेक सिटी सहित कुछ अन्य परियोजनाएं भी शामिल हैं। ईडी इससे पहले मामले से जुड़े दो बिल्डरों के ठिकानों पर भी तलाशी ले चुकी है।

मामले की जांच के सिलसिले में ईडी ने आईएएस अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ से अगस्त में दो बार पूछताछ की थी। वहीं, पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा भी 9 सितंबर को ईडी के जालंधर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पेश हुए थे। उनसे कई घंटे तक पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

इसके अलावा, ईडी ने 10 सितंबर को मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को समन जारी कर मामले से संबंधित रिकॉर्ड और जांच की जानकारी मांगी थी। मंगलवार को जीएमडीए कार्यालय सहित विभिन्न ठिकानों पर हुई कार्रवाई को इसी जांच की अगली कड़ी माना जा रहा है।