लद्दाख में सुबह-सुबह 5.5 तीव्रता का भूकंप, 10 किलोमीटर गहराई में था केंद्र

0

डेस्क : लद्दाख में गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.5 मापी गई। भूकंप सुबह करीब 6 बजकर 5 मिनट पर आया और इसकी गहराई जमीन के भीतर करीब 10 किलोमीटर थी।

भूकंप के झटके विशेष रूप से लेह में महसूस किए गए। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप का वास्तविक केंद्र कहां था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में भूकंप के झटके

लद्दाख में आए भूकंप से पहले महाराष्ट्र और उत्तराखंड में भी भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। महाराष्ट्र के पालघर जिले में दो दिन पहले करीब एक घंटे के भीतर 3.4 तीव्रता के दो झटके आए थे। अधिकारियों के अनुसार, वहां भी किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं थी।

इससे पहले 10 अगस्त को उत्तराखंड के उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके झटके उत्तरकाशी, बड़कोट, पुरोला, मोरी, चिन्यालीसौड़ और डुंडा सहित यमुना घाटी के कई इलाकों में महसूस किए गए थे।

फिलहाल लद्दाख में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और किसी नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।