डेस्क : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में हनुमान मंदिर परिसर में दो वृद्ध साधुओं की हत्या का मामला सामने आया है। दोनों साधु मंदिर में रहकर पूजा-पाठ और उसकी देखभाल करते थे। घटना बुधवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान गोपाल दास और बड़े दास के रूप में हुई है। बड़े दास के दिव्यांग होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों को कथित तौर पर अलग-अलग तख्त से बांधकर आग लगा दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
मंदिर की जमीन को लेकर विवाद
प्रारंभिक जांच में मंदिर की जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि मंदिर सुमित सिंह के परिवार की जमीन पर बना है। दोनों साधु मंदिर में रहकर पूजा-पाठ के साथ उसकी देखभाल करते थे। इसी को लेकर पहले से विवाद होने की जानकारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना की रात आरोपी पहले गांव के एक अन्य धार्मिक स्थल पर पहुंचा और वहां लाइट तोड़ने के बाद हनुमान मंदिर गया। मंदिर में दोनों साधुओं से विवाद होने के बाद मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों को तख्त से बांधकर आग लगा दी गई।
आरोपी की तलाश में जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस वारदात के पीछे की वजह, जमीन विवाद और आरोपी की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, सुमित सिंह करीब दो महीने पहले जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ पहले से कुछ मुकदमे दर्ज होने की बात कही जा रही है। हालांकि, उसके आपराधिक रिकॉर्ड और घटना में उसकी भूमिका से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
दो साधुओं की हत्या की घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








