मिर्जापुर: द मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया भौकाल, 100 करोड़ के बेहद करीब

0

डेस्क : पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी है। रिलीज के तीसरे दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। रविवार को फिल्म ने करीब 36 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जिसके बाद भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन करीब 93.75 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

फिल्म ने पहले दिन करीब 25.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर करीब 32 करोड़ रुपये पहुंची और तीसरे दिन फिल्म ने 36 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया। इस तरह तीन दिनों में फिल्म 100 करोड़ रुपये के घरेलू नेट कलेक्शन के बेहद करीब पहुंच गई है।

दुनियाभर में 132 करोड़ के पार

भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। शुरुआती तीन दिनों में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 132 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

फिल्म की बढ़ती कमाई ने यह साफ कर दिया है कि ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता अभी भी दर्शकों के बीच बरकरार है। ओटीटी पर लंबे समय तक दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद अब बड़े पर्दे पर भी कालीन भैया और गुड्डू पंडित की दुनिया दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है।

100 करोड़ क्लब पर नजर

तीसरे दिन की मजबूत कमाई के बाद अब फिल्म की नजर भारत में 100 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन पर है। यदि सोमवार को फिल्म अपनी पकड़ बनाए रखती है तो यह आंकड़ा जल्द पार होने की उम्मीद है।