मोदी सरकार दे रही क्रेडिट कार्ड की सुविधा, 50 दिन तक बिना ब्याज के कर सकेंगे खर्च

0

डेस्क : छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी लगाने वाले दुकानदारों के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ी सुविधा शुरू की है। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (PM SVANidhi) योजना के तहत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को अब क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी जा रही है, जिससे वे अपने कारोबार से जुड़े खर्च आसानी से पूरा कर सकेंगे।

इस सुविधा के तहत लाभार्थियों को 30 हजार रुपये तक की क्रेडिट लिमिट मिल सकती है। खास बात यह है कि इस कार्ड के जरिए किए गए खर्च का भुगतान तय अवधि के भीतर करने पर बैंक की शर्तों के अनुसार 20 से 50 दिनों तक ब्याज मुक्त अवधि का लाभ मिल सकता है।

छोटे कारोबारियों को मिलेगा आर्थिक सहारा

PM SVANidhi योजना का उद्देश्य सड़क किनारे दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। इस योजना के तहत रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी के लोन उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे अपने कारोबार को बढ़ा सकें और आर्थिक जरूरतों को पूरा कर सकें।

UPI से लिंक होगा क्रेडिट कार्ड

PM SVANidhi Credit Card को UPI से जोड़ा जा सकेगा। इससे छोटे दुकानदार डिजिटल भुगतान कर पाएंगे और रोजमर्रा के कारोबार में आसानी होगी। हालांकि, इस कार्ड के जरिए ATM से नकद निकासी की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ

इस सुविधा का लाभ उन स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा, जो PM SVANidhi योजना के तहत पात्र हैं। इसके लिए लाभार्थियों को योजना की निर्धारित शर्तों को पूरा करना होगा। जिन विक्रेताओं ने पहले लिए गए ऋण का समय पर भुगतान किया है, उन्हें इस सुविधा में प्राथमिकता मिल सकती है।

डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने की पहल

सरकार का उद्देश्य छोटे व्यापारियों को आसान क्रेडिट सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना है। इस पहल से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को अपने छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।